चैत्र नवरात्रि की तैयारियां पूर्ण, सज गये मां के दरबार

मंदिरों के बाहर पूजा सामग्री की लगायी गयीं दुकानें
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चैत्र नवदुर्गा का प्रारम्भ भारतीय नववर्ष प्रतिपदा 30  मार्च से होगा। नवदुर्गा की पूर्व संध्या पर जहां नगर में किराने की दुकानों पर पूजा सामग्री की बिक्री होती रही, वहीं नवदुर्गा की पूर्व संध्या पर मंदिरों में भव्य सजावट की गयी। उधर, मिशन अस्पताल के बाहर भगवती दुर्गा की मूर्तियों की बिक्री होती रही। बाजारों में माता के परिधानों की दुकानों पर बिक्री का दौर देखा गया। मिट्टी के कलश, नारियल आदि की भी जमकर बिक्री हुई। वहीं मंदिरों के बाहर भी पूजा सामग्री की दुकानों को सजाया गया। जिन पर महिलाओं ने जमकर खरीददारी की।
अपराकाशी के नाम से विख्यात नगरीय फर्रुखाबाद में मंदिरों की बहुतायत है। मंदिरों के नजरिये से ही इसे अपराकाशी का नाम दिया गया है बड़ी तादात में मंदिर हैं। जिसमें प्रमुख देवी मंदिरों में पूजा की तैयारियां देर शाम तक होती रहीं। पल्ला मठिया के नाम से प्रसिद्ध फूलमती देवी मंदिर, ऐतिहासिक गुरगांव देवी मंदिर, बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, भोलेपुर स्थित वैष्णो देवी मंदिर, महाकाल मंदिर, फतेहगढ़ स्थित कालीवाड़ी मंदिर व सैन्य क्षेत्र में स्थित मां दुर्गा के मंदिर में तैयारियों का दौर चलता रहा। शाम को मंदिर भव्य तरीके से सजाये गये। भोलेपुर स्थित मां वैष्णों मंदिर तथा बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर तथा ऐतिहासिक गुरगांव देवी मंदिर के बाहर पूजा सामग्री की दुकानें सजायी गयीं। जिस पर मां की चुनरी, नारियल, फूल आदि की महिलाओं ने जमकर खरीददारी की। घर में घट स्थापना की तैयारियां चलती रहीं। रविवार से नवदुर्गा अनुष्ठान शुरु हो जायेगा। जिसमें नौ दिन भक्त व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के बाहर पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *