
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी शिक्षा व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। जिससे बच्चों का भविष्य संवरने के बजाय खराब हो रहा है।
नवाबगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिजौरी के प्राथमिक विद्यालय नगला मना में गुरुवार को सरकार के दावों की हकीकत तब खुली जब वहां पहुंचकर देखा गया और बच्चों से जानकारी की गई की विद्यालय में भोजन बना है या नहीं, तो पहले तो बच्चे कोई स्थाई उत्तर नहीं दे सके, लेकिन जब गहनता से जानकारी की गई तो कई बच्चों ने बताया कि उनके पास घर से लाए हुए बर्तन नहीं थे इस वजह से उनको विद्यालय का भोजन नहीं मिला। जब इस बाबत इंचार्ज प्रधानाध्यापक बृजेश कुमार से जानकारी की गई कि आपके विद्यालय में बच्चों के लिए भोजन थाली है या नहीं, तो उन्होंने बताया की विद्यालय में पहले एक ग्रांट आई होगी तो बर्तन आए होंगे, लेकिन अब इस वक्त कोई बर्तन नहीं है जिसमें बच्चों को भोजन दिया जा सके। वहीं जब खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया की विद्यालय में ग्रांट भी आई थी और बर्तन भी खरीदे गए थे, यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित अध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा ने बताया कि अध्यापक से वार्ता कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। वहीं विकासखंड द्वारा सरकार के दावों के अनुसार विद्यालयों में 19 पैरामीटर पूरे करने के लिए दो वर्ष से लगातार बैठकें जारी हैं और विद्यालय को अच्छी व्यवस्था में करना सरकार का लक्ष्य है, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं है। पूरे विद्यालय में मात्र एक कमरे में समतलीकरण किया गया है बाकी विद्यालय की जर्जर व्यवस्था है। टूटी पड़ी फर्स तथा जर्जर पड़े कमरे, फील्ड में तो कई महीनों से झाड़ू ही हीं लगा है।
