प्रधानमंत्री विद्यार्थियों से बोले प्रसन्नचित्त रहकर करे अध्ययन

पीएम के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को छात्राओं ने देखा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के अंतर्गत लाइव प्रसारण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की बोर्ड की छात्राओं ने विद्यालय में सामूहिक रूप से गंभीरता के साथ देखा और सुना। कार्यक्रम में देश के विभिन्न स्थानों से आए छात्र-छात्राओं ने परीक्षा से संबंधित अपने प्रश्न पूछे। बताया गया कि नियमित अभ्यास से प्रश्न याद रहते हैं, जबकि तनाव लेने से उनके उत्तर भूल जाने की संभावना बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रसन्नचित्त रहकर अध्ययन करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा परीक्षा को जीवन का स्वाभाविक हिस्सा मानने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जो कार्य खुशी और सकारात्मक सोच के साथ किया जाता है, वह लंबे समय तक स्मरण रहता है। कार्यक्रम में जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय की छात्राओं ने कार्यक्रम को पूरी एकाग्रता के साथ सुना और समझा। प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत द्वारा छात्राओं से फीडबैक लिया गया, जिसमें छात्राओं ने बताया कि इस कार्यक्रम से परीक्षा को लेकर उनका तनाव दूर हुआ है और अब वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। इस अवसर पर प्रवक्ता ऋचा तिवारी, अर्चना गुप्ता, ज्योति, आरती यादव, सरिता बाजपेयी एवं गुलशन जहाँ उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *