मोहम्मदाबाद/राजेपुर, समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद व राजेपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। इस दौरान अकीदतमंद सदायें बुलंद करते रहे। सुरक्षा की मद्देनजर पुलिस भी साथ चल रही थी।
मोहम्मदाबाद में सुबह 8:30 बजे जामा मस्जिद नूरी से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जो कस्बे के शिवाजी नगर, राजीव नगर, किदवई नगर से होते हुए सर्राफा मार्केट से संकिसा रोड पहुंचा। वहां से आजाद नगर में घूमते हुए सीधा संकिसा रोड से मैन चौराहा होते हुए बेवर रोड पर आया तथा कोतवाली गेट से निकलकर सीधे जमा मस्जिद नूरी पहुंचा। जमा मस्जिद नूरी में मस्जिद के ईमाम मौलाना नूरुल हसन किवला ने फाताह ख्वानी की और जिक्र मोहम्मदी तथा तथा पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो ताला वसल्लम की जिंदगी पर रोशनी डाली और बताया अपने से कमजोर को कभी ना सताएं। अपने पड़ोसी को कभी भूखा ना सोने दें, गरीब की मदद करें, मजदूर की मेहनत का पैसा उसके पसीने सूखने से पहले दे दिया जाए, किसी का भी हक ना मारे और अपने ईमान पर मुकम्मल रहे। कमेटी में शामिल अध्यक्ष नूर अहमद खान, कोषाध्यक्ष अकबर मंसूरी, सदस्य रफीक अहमद, इरफान मंसूरी, मोहम्मद इस्लाम शाह, उस्मान मंसूरी, सिराजुद्दीन सिद्दीकी, उमर खान, मोहम्मद आरिफ मंसूरी, जुबैर खान, जैनुल सिद्दीकी, आसिफ मंसूरी आदि लोग ने कमेटी की व्यवस्था को संभाला तथा जुलूस-ए-मोहम्मदी को सकुशल संपन्न करवाया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, अपराध निरीक्षक लक्ष्मी नारायण, एसएसआई धर्मेंद्र मलिक, एसआई विनोद कुमार, एसआई आसू यादव, एसआई अरविंद अवस्थी मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर राजेपुर थाना क्षेत्र में बारावफात के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी शांतिपूर्वक निकाला गया। थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने सुबह 6 बजे से क्षेत्र का दौरा शुरू किया। उन्होंने राजेपुर, दौलतपुर, भावपुर, बहादुरपुर, अलीगढ़, कड़क्का समेत एक दर्जन गांवों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने जुलूस के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई। थाना अध्यक्ष ने बताया कि चार उप निरीक्षक, 10 सिपाही और 30 पुलिस कर्मी क्षेत्र में तैनात किए गए। बहादुरपुर गांव में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। यहां पिछले साल जुलूस के दौरान विवाद हुआ था। अधिकारी राजेपुर और अमृतपुर क्षेत्र का लगातार दौरा करते रहे।
मोहम्मदाबाद व राजेपुर में धूमधाम से निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी
