45 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षक ने सूक्ष्म व्यायाम का कराया अभ्यास
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आज की जीवन शैली के कारण हर व्यक्ति तनाव में है। किसी को बीपी, किसी को शुगर या अनिद्रा आदि बीमारियों से परेशानी है। योग और ध्यान के नित्य अभ्यास से रोकथाम संभव है। यह संदेश बीडीओ कमालगंज त्रिलोक चंद्र शर्मा ने बुधवार को एकात्म अभियान के तहत खंड विकास अधिकारी कार्यालय में हुए कार्यक्रम में दिया।
बताते चलें कि हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट एवं संस्कृति मंत्रालय (भारत सरकार) के तत्वावधान में एकात्म अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश में 15 फरवरी को फतेहगढ़ स्थित महरूपुर सहजू से हुआ था। इसी कड़ी में कमालगंज ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव समेत स्टॉफ के 24 सदस्यों एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण अजीविका मिशन की परीक्षा देने आई 49 महिला परीक्षार्थियों को देवरिया से आए दोनों प्रशिक्षक दीपक और सतीश चंद्र वर्मा ने योग और ध्यान के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन के बारे में बताया। तनावमुक्ति के लिए शिथिलीकरण के साथ ध्यान का अभ्यास भी कराया। उधर याकूतगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्टॉफ को ध्यान का अभ्यास दोनों लखनऊ और बस्ती से प्रशिक्षकों सुयश तिवारी, आनंद कुमार ने कराया। बौद्धिक और संज्ञात्मक क्षमता विकसित करने के लिए 45 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षक राममिलन पांडेय और सौरभ ने मस्तिष्क से संबंधित सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। जोनल समन्वयक डॉ0 सुधीर श्रीवास्तव गांवों में योग और ध्यान पर आधारित तीन दिवसीय सत्र आयोजित करने के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, ग्राम सहायक, स्कूल, कॉलेज, जनप्रतिनिधि, सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थान हेल्पलाइन नंबरों 9415146580, 7355917478 एवं 8299582286 पर व्हाट्सअप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
एकात्म अभियान के तहत विकास खंड कार्यालय कमालगंज पर हुआ कार्यक्रम
