
राज्यपाल ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किया लाभ।
समृद्धि न्यूज़ लखनऊ।मंगलवार को अंबेडकर नगर पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने विविध कार्यक्रमों के क्रम में लोहिया भवन में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया।उन्होंने प्रदर्शनी में कृषि,बेसिक शिक्षा,जल जीवन,बाल विकास पुष्टाहार,मत्स्य,प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण,प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी,एक जनपद एक उत्पाद,उद्यान, एनआरएलएम,महिला कल्याण, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने लोहिया भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम मे राज्यपाल श्रीमती पटेल को जनपद के विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया।कार्यक्रम में एनजीओ संचालक और आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा सकारात्मक गतिविधियों से अवगत कराया गया।राजयपाल ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को चाबी वितरण,प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को चाबी वितरण,मनरेगा से निर्मित पशु आश्रय स्थल के लाभार्थियों को स्मृति चिन्ह वितरण,स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक वितरण,मुद्रा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरण,उज्जवला गैस कनेक्शन के लाभार्थियों को कार्ड वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए आंगनवाड़ी किट का वितरण किया।उन्होंने कार्यक्रम में सुश्री पूजा किन्नर को पहचान प्रमाण पत्र प्रदान किया।
राज्यपाल ने निराश्रित महिला पेंशन योजना के 34542 लाभार्थियों को 10 करोड़ 30 लाख 81 हजार,मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 24229 लाभार्थियों को चार करोड़ 53 लाख 37 हजार,मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य 146 लाभार्थियों को 10 लाख 95 हजार,दिव्यांग भरण पोषण अनुदान 13979 लाभार्थियों को 4 करोड़ 31 लाख 71 हजार, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 700 लाभार्थियों को दो करोड़ 10 लाख,एससी/एसटी उत्पीड़न आर्थिक सहायता योजना के तहत 137 लाभार्थियों को पचासी लाख,वृद्धावस्था पेंशन योजना अंतर्गत 107848 लाभार्थियों को 32 करोड़ 35 लाख 44 हजार का डेमो चेक प्रदान किये।इस अवसर पर संबोधित करते हुए राज्यपाल श्रीमती पटेल ने जल संचय के बारे में विस्तार से बताया गया।उन्होंने कहा कि पानी हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक है।जल संचय के माध्यम से हम अपने आय में वृद्धि कर सकते हैं। जनपद में जल संचयन के हो रहे कार्यों की प्रशंसा की गई।उनके द्वारा कचरे से कंचन बनाने की आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित किया गया।उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम के लिए कचरे का सही निस्तारण करना आवश्यक है तथा सभी जगह पर पीने के लिए स्वच्छ पानी की आवश्यकता है।पानी के दुरुपयोग को रोकना होगा इसके लिए उन्होंने महिलाओं को संकल्प लेने की आवश्यकताओं पर बल दिया तथा कहा कि इसे बच्चों को भी सीखना होगा।आंगनबाड़ी केन्द्रों पर किट देने की प्रशंसा की गई तथा कहा कि छोटे बच्चों को अपना कार्य स्वयं कैसे करना है इसको भी सिखाए।बच्चों को अच्छा और सच्चा बनाएं।अच्छी आदतें जीवन के लिए बहुमूल्य हैं।
