कायमगंज, समृद्धि न्यूज। तहसील कायमगंज थाना क्षेत्र के गाँव गुटैटी निवासी गुलाब पुत्र रामबिहारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को शिकायती पत्र देकर कहा है कि मेरे क्षेत्र में लेखपाल सौरभ कुमार यादव की तैनाती है, जो क्षेत्र के भूमाफिया कश्मीर सिंह का रिश्तेदार है। इसलिए आज तक इसके द्वारा कश्मीर सिंह के विरुद्ध कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है, बल्कि कश्मीर सिंह के पक्ष में झूठी जाँच आख्या अंकित कर उनको बचाया जा रहा है। अपने रिश्तेदारों को बचाकर सरकार के हितों के विरुद्ध सरकारी भूमि को खाली नहीं कराया जा रहा है। क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ कुमार यादव का रवैया तानाशाही है। उसके द्वारा पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य किया जा रहा है। ऐसे लेखपाल का सौरभ यादव का स्थानान्तरण किया जाना चाहिए। यह शिकायती प्रार्थना पत्र पढक़र जिलाधिकारी ने जॉच कायमगंज उपजिलाधिकारी को सौंपी। उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार विक्रम को सौंपी। तहसीलदार ने शिकायतकर्ता गुलाब सिंह को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि तुम फर्जी शिकायत कर रहे हो। इससे पूर्व में भी तुम्हारे ऊपर मुकदमे दर्ज हैं। आज इसी बात को लेकर तहसीलदार ने कस्बा चौकी इन्चार्ज नागेन्द्र को बुलाकर झूठी शिकायतकर्ता को पुलिस हिरासत में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस ने उसका शान्तिभंग में चालान कर दिया।
