आवास विकास कॉलोनी में पुलिया निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

 मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आवास विकास कॉलोनी में निर्माणाधीन पुलिया की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासी सनी पुत्र कमलेश ने पुलिया निर्माण में हो रही कथित अनियमितताओं और कमजोर गुणवत्ता को लेकर सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा। जिससे पुलिया के गिरने का खतरा बना हुआ है।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल नगर पालिका परिषद को जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि शिकायत की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जाए और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार या निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई तय की जाए। सनी ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि पुलिया की कमजोर संरचना भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यदि समय रहते गुणवत्ता को सुधारने के कदम नहीं उठाए गए तो कॉलोनी के निवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर दोषों को तत्काल ठीक कराया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया कॉलोनी की मुख्य आवाजाही का मार्ग है। ऐसे में निर्माण में लापरवाही का असर सीधे नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ेगा। कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करेगा और निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *