
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस की निरंतर कार्रवाई के कारण माफिया अनुपम दुबे व उनके परिजन व साथियों की मुसीबतें दिनोंदिन बढ़ती जा रही हैं। थाना मऊदरवाजा पुलिस को माफिया अनुपम दुबे के गिरोह की कुर्क की गई पजेरो स्पोट्र्स कार लावारिस मिली है। रायपुर पुलिस चौकी इंचार्ज तरुण सिंह को जानकारी मिली की नखासा बाजार में पजेरो स्पोट्र्स कार नंबर यूपी 76एस0001 लावारिस खड़ी है। पुलिस ने कार थाने में खड़ी कराई है। मालूम हो की अनुपम दुबे के विरुद्ध दर्ज गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में जिला मजिस्ट्रेट ने कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला गोला कोहना 1/101 निवासी राघवेंद्र मिश्रा पुत्र सुभाष चंद्र की पजेरो स्पोट्र्स कार को कुर्क कर लिया था, लेकिन अनुपम दुबे गिरोह के सदस्य राजेंद्र मिश्रा ने कार पुलिस को न सौंपकर चोरी छुपे चलते रहे। थाना मऊदरवाजा पुलिस ने बीते दिन राघवेंद्र को नोटिस तामील कराकर कार थाने में जमा करने की हिदायत दी थी। गैंगेस्टर के मुकदमे में उक्त कार के अलावा अनुपम दुबे की मां कुसुमलता दुबे एवं भाई अनुराग दुबे उर्फ बब्बन के भी वाहनों को कुर्क कर लिया गया लिया था। पुलिस ने वाहनों को सौंपने के लिए अनुपम दुबे की मां कुसुम लता दुबे एवं भाई अनुराग दुबे उर्फ बब्बन को भी उचित माध्यम से सूचित किया है। गैंगेस्टर के मुकदमे में आरोप लगाया गया कि अनुपम दुबे ने गिरोह के सदस्यों के द्वारा अपराध करके अवैध कमाई से वाहन खरीदे हैं।
