समृद्धि न्यूज। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। मराठवाड़ा के बाद अब नासिक जिले में भी अतिवृष्टि का तांडव देखने को मिला है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 5 लोगों की मौत हुई है और 8 लोग घायल हुए हैं। वहीं 72 पशुओं की भी मौत दर्ज की गई है। अब तक बाढ़ में फंसे 17 हजार से ज्यादा लोगो को रेस्क्यू कर बचाया गया है। वहीं मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, केरल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में अगले दो-तीन दिनों के लिए भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कोंकण, गोवा, बिहार और पूर्वोत्तर के राज्य मेघालय में भी जमकर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के साथ ही राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिन गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है।
