सामूहिक विवाह में खुशियों की बरसात: 178 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज।  ओसीएफ ग्राउंड पर रविवार का दिन यादगार बन गया, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 138 जोड़े जीवन के नए सफर पर रवाना हुए। पूरे पंडाल में उत्साह, संगीत और खुशियों का माहौल ऐसा था कि हर चेहरा खिल उठा। माता-पिता के माथे से चिंता की लकीरें गायब थीं और नवविवाहित जोड़ों की आंखों में भविष्य के सपने चमक रहे थे।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा सांसद अरुण सागर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंच पर पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। सांसद अरुण सागर तो खुद एक-एक जोड़े के पास जाकर उनका हाथ थामते, मुस्कुराते हुए शुभकामनाएं देते रहे। उनके इस हाव-भाव दिखलाने से परिवारों के चेहरे पर और भी खुशी आ गई।

सांसद अरुण सागर ने बताया कि कार्यक्रम में 138 हिन्दू और 40 मुस्लिम जोड़ों की शादी संपन्न कराई गई, जो यह दर्शाता है कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन परिवारों की चिंता दूर की है जिनके लिए बेटियों की पढ़ाई और शादी बड़ा बोझ हुआ करती थी। आज सरकार एक शादी पर एक लाख रुपये दे रही है और बेटियों की शादियां पूरे सम्मान के साथ कराई जा रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। “पहले बेटियों के जन्म पर लोग परेशान हो जाते थे, लेकिन अब सरकार की नीतियों ने उन परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है,” सांसद सागर ने कहा। पूरे समारोह में जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। संगीत की धुनों और वेडिंग मंत्रोच्चार के बीच यह सामूहिक विवाह सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि—समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता का चित्र बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *