मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मानसून समय से 16 दिन पहले पहुंचने के साथ मई माह में सर्वाधिक बारिश का 107 वर्ष का रिकॉर्ड टूट गया। भारी बारिश से मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं और कई इलाकों में सडक़ों पर पानी भरने से हजारों लोग जहां-तहां फंसे रहे।
जानकारी के मुताबिक, भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य तारीख से 16 दिन पहले मुंबई पहुंच गया है और 1950 के बाद से पहली बार इसका इतनी जल्दी आगमन हुआ है। जिसके साथ ही मई में सबसे ज्यादा बारिश का 107 साल का रिकॉर्ड टूट गया। वहीं बारी बारिश की वजह से बिगड़े हालातों के बीच आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मंगलवार (27 मई) यानी आज और भी भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने पूर्वानुमान के साथ कहा कि मुंबई, ठाणे समेत आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

रायलसीमा और पूर्वोत्तर के अधिकांश हिस्सों तक पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र तक पहुंच कर गया। एक-दो दिनों में आंध्र के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून समय से पहले ही तेलंगाना के अलावा मिजोरम के शेष हिस्सों, पूरे त्रिपुरा, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और असम और मेघालय के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। अगले तीन दिनों में यह महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूरे पूर्वोत्तर में छा जाएगा।
हाई टाइड का अलर्ट
मुंबई में सोमवार रात 11 बजे 4.1 मीटर की हाई टाइड समुद्र में आया। जिसके बाद लगभग 13 फीट ऊंची लहरें समुद्र में उठती दिखाई दी। इसकी वजह से मुंबई और आसपास के जिलों में जोरदार बारिश फिर शुरू हो गई। रायगढ़, ठाणे और पालघर में भी बारिश हुई। मुंबई को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था।
उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में आएगी गिरावट
यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश इलाकों में सोमवार को बहुत ज्यादा तपिश नहीं रही। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उसके बाद चार-पांच दिन में पारा 3 से 4 डिग्री बढऩे का अनुमान है।

आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि के भी आसार
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान में 27 मई से 1 जून तक आंधी, बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
