राजस्थान: बजरी से लदा डंपर कार पर पलटा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

समृद्धि न्यूज। राजस्थान के बूंदी जिले में एनएच-52 पर बजरी से भरा ट्रक कार पर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हुआ और कार को कुचल दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस जांच कर रही है। सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) शिवराज सिंह ने बताया कि शाम के समय सिलोर पुलिया पर यातायात सामान्य चल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बजरी लदे डंपर का टायर फट गया, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण खत्म हो गया। डंपर ने पहले सडक़ पर मौजूद अन्य वाहनों को टक्कर मारी और फिर असंतुलित होकर एक कार पर पलट गया। टनों बजरी और डंपर के भारी वजन से कार पूरी तरह कुचल गई।

हादसे की जोरदार आवाज दूर तक गूंजी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर पलटते ही कार में फंसे लोगों में चीख-पुकार मच गई। यह दृश्य इतना भयावह था कि आसपास के लोग सहम गए, कुछ ही पलों में कई लोग घटनास्थल पर इक_ा हो गए। कुछ ने पुलिस को सूचना दी, तो कई लोग अपने हाथों से बजरी हटाने में जुट गए ताकि फंसे लोगों को बचाया जा सके। हालांकि, बजरी का भारी वजन होने से शुरुआती प्रयास नाकाम रहे, लंबी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार की मौत हो चुकी थी। मृतकों में मोइनुद्दीन (60), फरीउद्दीन (45), आज़मीउद्दीन (40) और उनके चचेरे भाई सैफुद्दीन (28) के रूप में हुई है। सभी टोंक जिले के निवासी थे। सैफुद्दीन के पिता वसीउद्दीन (64) इस हादसे में घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *