फोन न उठाने पर दिल्ली से प्रेमी के घर पहुंची युवती ने किया जमकर हंगामा
पुलिस को दुष्कर्म करने की दी तहरीर, पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शादी करने का झांसा देकर युवक ने युवती का कई वर्षों तक शारीरिक शोषण किया। जब उसने युवती का फोन उठाना बंद कर दिया, तो उसने दिल्ली से यहां पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार कंपिल निवासी एक युवक करीब १५ वर्ष से दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा था।
उसका तीन वर्ष पूर्व दिल्ली की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण किया और इसके बाद युवक अपने घर चला आया। युवक की जनपद शाहजहांपुर कोतवाली जलालाबाद के एक गांव निवासी युवती से 10 मार्च को शादी हो गई। इसके बाद से युवक ने दिल्ली की युवती का फोन उठाना भी बंद कर दिया। गुरुवार को युवती दिल्ली से युवक के घर पहुंच गई। जहां युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। युवती ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने की तहरीर दी। एसओ जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
