राजनैतिक विरासत को लेकर सांसद के परिवार में रार

*पुत्रवधू ने सोशल मीडिया पर शुरु किया विरोध
*सांसद बोले: बच्चों के सभी अपराध छमा, हम पार्टी के साथ
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
नव निर्मित नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर के अध्यक्ष पद को लेकर सांसद के परिवार में रार ठन गई है। सांसद की पुत्रवधू ने सोशल मीडिया पर भतिज बहू को टिकट दिलाने को लेकर काफी आलोचना की और कहा कि सांसद ने अपने पुत्रों पर ध्यान नहीं दिया और अपनी राजनैतिक विरासत दूसरों को देना चाहते है।
बताते चले कि संकिसा बसंतपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सांसद के भतीजे राहुल राजपूत की पत्नी अनुपम वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। नामांकन कराने सोमवार को सांसदमुकेश राजपूत गये थे। नामांकन के दौरान वह प्रसन्न मुद्रा में दिखायी दिये। जिस फोटो देखकर सांसद पुत्र अमित राजपूत की पत्नी सोना राजपूत ने सोशल मीडिया पर बेहद भावात्मक टिप्पणी लिखकर विरोध शुरु कर दिया। टिप्पणी में सोना ने कहा कि पापा की यह मुस्कान जीवन भर तक जख्म देती रहेगी। हालांकि इस बात को लेकर कई लोगों ने कमेंट भी किये और पुत्रवधू को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बहू है कि मानती नहीं। उसने यहां तक कहा कि मेरे पति का जगह-जगह पर अपमान किया गया, तब कमेंट करने वाले लोग कहां थे। जिस तरह के बहू ने शब्द प्रयोग किये उन्हे पढऩे के बाद यह लगता है कि परिवार के अंदर राजनैतिक फूट पड़ी हुई है। जहां एक तरफ सांसद को परिवारिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भतिज बहू को नगर पंचायत अध्यक्ष पद तक पहुंचाने के लिए कई दलों की चुनौती झेलनी पड़ेगी।
वहीं सांसद ने इस मामले में बहू की बात पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। कहा कि बच्चे है उनके सभी अपराध छमा, जहां तक रही पार्टी की बात तो हम भाजपा के कार्यकर्ता है अन्य किसी के नहीं। पार्टी जिसे भी टिकट देगी हम उसके साथ है, परिवार बाद में हम पार्टी के सिपाही पहले है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *