परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। भीषण गर्मी का दौर जारी है। अधिकांश लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए गंगा में घुसकर डुबकी लगाते हुए देखा जा रहा है। डुबकी लगाने वालों में ज्यादातर किशोर हैं। वर्तमान में गंगा का जलस्तर कम है। तलहटी क्षेत्र के अधिकांश लोग गंगा में घुसकर ही आवागमन करते हैं। बड़ी तादाद में तरबूज, खरबूजा की खेती भी गंगा की तलहटी में होती है। बताते हैं थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी छोटे लाल पुत्र गोरेलाल उम्र 12 वर्ष, जबर सिंह पुत्र नेत्रपाल उम्र 14 वर्ष, रामू पुत्र मुलिक राम उम्र 11 वर्ष, सत्यम पुत्र रक्षपाल उम्र 11 वर्ष तथा मोदी पुत्र राजीव उम्र 14 वर्ष सभी किशोर शाम के समय तरबूज खाने के लिए गंगा पार जा रहे थे। गंगा पार करते समय अचानक सभी किशोर डूबने लगे। चीख पुकार सुन कृषि कार्य कर रहे किसानों ने गंगा में छलांग लगा दी। अंधेरा होने के बावजूद चार किशोरों को सकुशल निकाल लिया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण सत्यम को नहीं खोजा जा सका। इस घटना के बाद सत्यम के परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार की सुबह फर्रुखाबाद से आई राहत बचाव टीम ने गोताखोरों के साथ सत्यम की खोज की। खोज का अभियान शाम तक चलता रहा, लेकिन सत्यम को नहीं खोजा जा सका। सत्यम के परिजनों को गंगा मैया की आराधना करने के साथ कुशलता की कामनाएं करते हुए देखा गया। वहीं दूसरी ओर बचाव राहत टीम तथा गोताखोर सत्यम की खोज में जुटे हुये थे। थानाध्यक्ष तरुण सिंह भदौरिया ने बताया सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल को भेजा गया। उन्होंने बताया देर रात्रि तक गंगा में डूबे किशोर की खोज की गई। शुक्रवार को फर्रुखाबाद से आई बचाव राहत टीम ने गोताखोरों के साथ खोज की, मगर सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया डूबे किशोर की तलाश जारी है।
जिला मुख्यालय से आई बचाव राहत टीम भी नहीं खोज पाई गंगा में डूबे सत्यम को
