
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक कमालगंज के गांव नगला भीखा में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिससे यहां के वाशिंदे नारकीय जीवन जीने को मजबरू हैं। बताते चलें कि बीते कुछ महीनों पहले नगला भीखा में वायरल फीवर के चलते तीन मौतें एक साथ हुई थी। इसके बाद भी जनप्रतिनिधि नही चेत रहे हैं। वहीं अपनी आंख पर पट्टी बांधकर बैठे हुए हैं। यहां के ग्रामीणों ने बताया कि यहां से गुजरने वाले नाले की कभी भी सफाई नहीं हुई है। बहुत कहने पर सिर्फ एक बार सफाई कराई गई। जिससे बरसात में यहां की नालियां जलमग्न हो जाती है। बरसात थमने के बाद नालियों की सारी गंदगी सड़कों पर आ जाती है। जिससे लोगों का निकलना दुश्वार हो जाता है। जबकि इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। जब भी ज्यादा बरसात होती है, तो ऐसा ही आलम नजर आता है। जिससे यहां के ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र की नाले की सफाई नहीं करायी गयी, तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जबकि सरकार जहां एक और स्वच्छता अभियान चला रही है और दूसरी ओर जनप्रतिनिधि सरकार के इस अभियान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या के संबंध में अवगत करा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ।
