फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। वृक्षारोपण महाअभियान के अन्तर्गत लक्ष्मी यदुनंदन महाविद्यालय कायमगंज में बृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। महाविद्यालय के शिक्षक और छात्रों ने इस अभियान में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार अग्रवाल और प्राचार्य प्रोफेसर विनय कुमार सिंह ने पौधे लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य ने कहा कि हम सभी को पेड़ लगाने और पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए और उनकी देखभाल करनी चाहिए, ताकि वे हमारे पर्यावरण को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने में अपनी भूमिका निभा सकें। पेड़ और पौधे केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं हैं, बल्कि वे हमारे पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करके वातावरण को शुद्ध करते हैं और ग्लोबल वार्मिंग को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा पेड़ पौधों का महत्व जैव विविधता को बनाए रखने में भी है। इस अवसर पर नरेंद्र मिश्रा, डॉ0 आरती दुबे, अशोक बॉथम, संजीव, विवेक अवस्थी, दुर्गेश, नील कमल पांडे, अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
महाविद्यालय में वृक्ष लगाकर पर्यावरण की रक्षा का लिया गया संकल्प
