अज्ञात वाहन की टक्कर से रिटायर्ड फौजी की मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में सेवानिवृत्त फौजी की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीवन सिंह (50) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना लखनऊ–बागरमऊ मार्ग पर हसनगंज कस्बे के पास की है। जहां सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देखा। जिसे देखने पर स्थिति गंभीर लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे उपचार के लिए भेजा, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई दुर्घटना मान रही है। आशंका है कि तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों की तलाश में जुटी है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।
संजीवन सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में पावर हाउस में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है। कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *