मानकों की अनदेखी कर बनाई जा रही सडक़

 ग्रामीणों की शिकायत पर सभासद ने रुकवाय काम
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। मानकों की अनदेखी कर बनवाई जा रही सडक़ के निर्माण कार्य को ग्रामीणों के विरोध के चलते सभासद ने रुकवा दिया है।
नगर पंचायत नवाबगंज के वार्ड नंबर 7 रानी अवंती बाई नगर नगला हीरा सिंह में चल रहे सडक़ निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे सभासद ने जब निर्माण कार्य की जांच की, तो मानक के विपरीत कार्य होता पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से काम रुकवा दिया है और जांच के आदेश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला

नगर पंचायत द्वारा नगला हीरा सिंह में लगभग 120 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने सडक़ की गुणवत्ता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। ग्रामीणों का आरोप था कि ठेकेदार द्वारा बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसकी शिकायत उन्होंने तुरंत वार्ड के सभासद कुलदीप कुमार राजपूत से की। शिकायत मिलते ही सभासद कुलदीप कुमार राजपूत मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जब एस्टीमेट के मुताबिक सडक़ की मोटाई जांची, तो भ्रष्टाचार की पोल खुल गई। सभासद ने बताया कि एस्टीमेट के अनुसार सीसी रोड की ढलाई (मोटाई) 5 इंच होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर नापजोख करने पर यह महज ढाई से तीन इंच ही पाई गई। सभासद राजपूत ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मिलीभगत करके लगातार घटिया निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और जनता को खराब गुणवत्ता वाली सडक़ मिल रही है। इस संबंध में जब अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार से बात की गई, तो उन्होंने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि खराब गुणवत्ता की शिकायत संज्ञान में आई है। संबंधित जेई को मौके पर भेजकर सडक़ की गुणवत्ता और मोटाई की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का कार्य होगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *