फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मंगलवार को लक्ष्मी यदुनंदन महाविद्यालय कायमगंज में रोवर्स रेंजर्स का तीन दिवसीय प्रवेश प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। स्काउट गाइड के ध्वजारोहण की ट्रेनिंग दी गई। शिविर का उद्घाटन मां भारती की वंदना से हुआ। उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि सेवा ही परम धर्म है। इस शिविर के माध्यम से आप सब सेवा करना सीखेंगे। रोवर्स प्रभारी सत्य नारायण सिंह ने कहा कि रोवर्स/रेंजर्स नवयुवकों के लिए एक स्वयं सेवी, गैर-राजनीतिक शैक्षिक आन्दोलन है, जो प्रत्येक व्यक्ति के लिए बिना किसी जाति, वंश तथा धर्म के भेदभाव के खुला है। यह 1907 में संस्थापक लार्ड बैडेन पावेल द्वारा संचालित किये गये लक्ष्य, सिद्धांत तथा पद्धति के अनुरूप है।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ, विपरीत परिस्थितियों में कार्य करना, जनजागरूकता, राष्ट्र के प्रति संवेदनशील, धर्म, जाति, वर्ग लिंग के परे होकर सेवा प्रदान करने की भावना जागृत करने के लिए रोवर्स/रेंजर्स इकाई की स्थापना की गई है। प्रति वर्ष विशेष कैम्प लगाकर विद्यार्थियों को रोवर्स/रेंजर्स का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षणोपरान्त रोवर्स/रेंजर्स का सर्टिफिकेट दिया जाता है। महाविद्यालय में 1 यूनिट रोवर्स एवं 1 यूनिट रेंजर्स का गठन किया गया है। शिविर प्रशिक्षक तरुण कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग के दौरान विभिन्न सत्रों में क्या सिखाया जाएगा इसके बारे में बताया। ट्रेनिंग के दौरान विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षुओं को स्काउट गाइड के इतिहास, इसके मोटो, उद्देश्य झंडा गीत, डायरी आदि की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ0 आशीष तिवारी, डॉ0 मनीषा सक्सेना, ब्रजेश वर्मा, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, रितिक गुप्ता, दिनेश चंद्र, अभिषेक चतुर्वेदी, संजीव शुक्ला, अरविंद कुमार, अशोक बाथम आदि उपस्थित रहे।
