सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों ने समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। २९ सूत्रीय दिये गये ज्ञापन में दर्शाया कि सरकारी कार्रवाई के अभाव में सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों को उनके नियोक्ताओं द्वारा अपनाई जाने वाली विभिन्न अनुचित श्रम प्रथाओं का शिकार होना पड़ता है। कर्मचारियों को नियोक्ता अवैध तरीके से स्थानांतरित कर रहे हैं, अवैध रूप से उनका काम रोक रहे हैं तथा अवैध रूप से नौकरी से बर्खास्त भी कर रहे हैं, वे फर्जी मुद्दे बनाकर कर्मचारियों को वेतन और यात्रा खर्च का भुगतान करने से इनकार कर देते है। नियोक्ता, बिक्री संवर्धन कर्मचारी अधिनियम और अन्य श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं। वे नियमित रूप से कर्मचारियों को धमका रहे हैं और अपमानित कर रहे हैं नियोक्ता, यूनियन नेताओं और श्रमिकों के विरोध करने के लोकतांत्रिक और कानूनी अधिकार को दबाने के लिए उनके खिलाफ झूठी पुलिस शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। इस संबंध में सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों ने ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की है। कहा है कि अधिनियम १९७६ संवर्धन कर्मचारी नियम का पालन सुनिश्चित कराया जाये, साथ ही मांगों को पूरा किया जाये। इस मौके पर अध्यक्ष संगीत त्रिपाठी, कपिल दिवाकर, विमलेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *