Headlines

युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाये: संदीप आर्य

आर्य समाज के 150वें स्थापना दिवस पर यज्ञ का हुआ आयोजन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्य समाज के 150वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में आर्य समाज कमालगंज द्वारा ग्राम फत्तेपुर राव साहब में युवा चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। आर्य समाज के विद्वानों द्वारा बालक बालिकाओं को नैतिक संस्कारों की शिक्षा दी गयी। सर्व प्रथम सामूहिक यज्ञ का आयोजन किया गया। सभी ग्राम वासियों ने यज्ञ में आहुतियां प्रदान कर ईश्वर से सुख समृद्धि की कामना की। यज्ञ के यजमान संतोष आर्य व उर्मिला आर्या ने सपरिवार आहुतियां प्रदान कर विद्वानों का सत्कार किया। आचार्य संदीप आर्य ने वैदिक मंत्रों से यज्ञ सम्पन्न कराया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज का लक्ष्य युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाना है। आज पाश्चात्य जीवन शैली के बढ़ते दुष्प्रभाव से युवा पीढ़ी संस्कारों से दूर होती जा रही है। जिसके परिणाम स्वरुप युवक युवतियों का चारित्रिक पतन होता जा रहा है, शहरों की देखा देखी व मोबाइल आदि के दुरुपयोग के कारण आज ग्रामीण परिवेश भी बिगडऩे लगा है। आर्य समाज अपने स्थापना काल से ही समाज में व्याप्त कुरीतियों व पाखंडों के खिलाफ संघर्ष शील रहा है, साथ ही आर्य वीर दल के माध्यम से युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्त व संस्कार वान बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। अपने गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण करने के साथ इस संकल्प के साथ कि युवा पीढ़ी को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए उनके अंदर राष्ट्रभक्ति व माता पिता की सेवा की भावना का बीजारोपण करना इन्हीं पवित्र भावों के उद्देश्य कोलेकर ग्राम जागरण अभियान के अंतर्गत युवा चरित्र निर्माण व संस्कार शिविरों की श्रखंला का आयोजन किया जा रहा है। उर्मिला आर्या ने अपने मधुर भजनों के माध्यम से ईश्वर भक्ति व पारिवारिक एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज बेटी को दहेज नहीं बल्कि संस्कार देकर भेजने की आवश्यकता है, संस्कारवान बेटी दोनों परिवारों को स्वर्ग बना सकती है। संतोष आर्य ने आये हुए अतिथियों का सत्कार कर स्वामी दयानंद व आर्य समाज के बताए मार्ग पर चलने का अनुरोध किया। इस अवसर पर प्रदीप आर्य, अंकुर आर्य, आनंद आर्य, विवेक राठौर, अशोक आर्य, आचार्य रामरहीस, अभिषेक, आकांक्षा राठौर, नीलम आर्या, सुगाता देवी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *