पैनल लीक होना बड़ी अनियमितता: संदीप शाक्य
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय जनता पार्टी में जिलाध्यक्ष पद को लेकर पैनल लीक होने के बाद घमासान मचा हुआ है। इस तरह की अनियमितता होने से वरिष्ठ नेताओं पर प्रश्न चिन्ह लगने लगा है। पर्यवेक्षक की मौजूदगी में सांसद, विधायक के हस्ताक्षर के साथ पांच नामों का पैनल बनाया गया था। साथ ही दूसरा पैनल भी बनाकर पर्यवेक्षक को सौंपा गया था। पैनल में पहला नाम जिला महामंत्री फतेहचन्द्र वर्मा का, दूसरा नाम विधायक सुशील शाक्य के पुत्र पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य का, साथ ही तीसरा नाम वर्तमान जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता का, चौथा नाम जितेन्द्र सिंह का और पांचवां नाम पूर्व जिलाध्यक्ष डा0 भूदेव राजपूत का है। इन पांच नामों का पैनल लीक होने के बाद अन्य दावेदारों में खलबली मच गयी और लखनऊ तक इसकी शिकायत की गई है। जबकि पिछड़े वर्ग की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है। जिसमें विधायक सुशील शाक्य के पुत्र संदीप शाक्य व फतेहचन्द्र वर्मा का नाम है। किसके नाम पर मोहर लगेगी यह प्रदेश नेतृत्व तय करेगा। इस संबंध में जब संदीप शाक्य से बात हुई तो उन्होंने कहा कि मेरी दावेदारी प्रबल है। अंतिम रिपोर्ट पर्यवेक्षक की मान्य होगी और प्रदेश नेतृत्व जिलाध्यक्ष के नाम तय करेगा, लेकिन पैनल लीक होने पर जो अनियमितता आयी है वह ठीक नहीं है। वहीं समर्थकों में भी उत्साह दिखा कि संदीप शाक्य या भूदेव राजपूत का जिलाध्यक्ष बनना प्रबल माना जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष के पद के लिए प्रबल दावेदार है संदीप शाक्य
