संजीव पारिया, शिवप्रताप सिंह चीनू व अनुपम दुबे पर लगा गैंगेस्टर

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक हरिश्याम सिंह ने संजीव पारिया के साथ ही शिव प्रताप सिंह चीनू एडवोकेट व माफिया अनुपम दुबे के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि मुझे दौराने ड्यूटी जनता द्वारा अवगत कराया गया कि थाना क्षेत्र के संजीव पारिया पुत्र जदुनाथ सिंह पारिया निवासी ओल्डग्रान्ट बंगला नम्बर-10 कैण्ट फतेहगढ़, अनुपम दुबे पुत्र महेश चन्द दुबे निवासी मोहल्ला कसरट्टा, शिवप्रताप सिंह उर्फ चीनू पुत्र बृजमोहन सिंह निवासी सोता बहादुरपुर पांचाल घाट ने मिलकर अपना एक आपराधिक गैंग बना रखा है। जिन पर जनपद के विभिन्न थानों पर कई अभियोग पंजीकृत हैं।

इस गैंग का गैंग लीडर संजीव पारिया उपरोक्त खुद हैं। यह आपराधिक गैंग अपने आर्थिक एंव भौतिक व दुनयावी लाभ प्राप्त करने के लिए भ0द0वि0 के अध्याय 16, 17, 22 में वर्णित अपराध अपने स्वार्थ के लिए कारित करते हैं। इस गिरोह के आपराधिक कृत्यों के कारण आम जनता में भय व आतंक व्याप्त है। जनता का कोई भी व्यक्ति इनके विरुद्ध गवाही देने को तैयार नहीं होता है। इनका स्वतन्त्र रहना आम जनता के हित में नहीं है। यह गैंग आपराधिक गतिविधियों सहित समाज विरोधी क्रियाकलापों में पूर्णत: लिप्त है। यह गैंग आर्थिक एवं भौतिक दुनियावी लाभ प्राप्त करने हेतु धोखाधड़ी कर षड्यन्त्र कर सरकारी धन का गबन करते हैं। इनका आपराधिक गतिविधियों एवं समाज विरोधी क्रिया कलापों पर नियन्त्रण किया जाना अति आवश्यक है। इनके विरुद्ध पंजीकृत अभियोगों के तथ्य उजागर होने के उपरान्त मेरे द्वारा इस गैंग के सदस्यों के विरुद्ध पंजीकृत अभियोग को गैंग चार्ट में उल्लेखित कर गैंग चार्ट अनुमोदन हेतु भेजा गया था। गैंग चार्ट को जिला मजिस्ट्रेट ने अनुमोदित कर दिया है। मालूम हो कि संजीव पारिया एवं अनुपम दुबे जेल में बंद हंै।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *