14 दिसम्बर को उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हो सकते है उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शनिवार को फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत द्विवेदी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के संदर्भ में सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा एवं डा0 मिथिलेश अग्रवाल के द्वारा पत्रकार वार्ता की गई। सांसद मुकेश राजपूत ने सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के संदर्भ में पूरी जानकारी दी।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा जनपद स्तर पर सांसद खेल स्पर्धा कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, जिसमें बालक, बालिका, महिला, पुरुष, दिव्यांगजन, सीनियर सिटीजन सभी वर्ग के खिलाडिय़ों को खेलने का अवसर मिलेगा। 7 दिसंबर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम 26 दिसंबर तक संपन्न होंगे। 14 दिसंबर को उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें संभवत उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में रहेंगे। समापन 26 दिसंबर को आयोजित होगा। जिसमें सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कई वर्षों से केंद्र सरकार के द्वारा ऐसे कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। जिसमें क्रिकेट कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, रस्सा कस्सी खेल से संबंधित खिलाडिय़ों को खेलने का अवसर मिलेगा। सीनियर सिटीजन और दिव्यांग जनों के लिए इसमें अवसर दिया जाएगा। सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को एक समान मंच प्रदान करना है, ऐसे आयोजनों से न केवल खेल संस्कृति मजबूत होती है, बल्कि युवा नशे और नकारात्मक गतिविधियों से भी दूर रहते हैं। ऐसे महोत्सव के माध्यम से खिलाडिय़ों को जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। पूर्व में 6400 खिलाडिय़ों ने प्रतिभाग किया था। जिसमें जीते हुए 1800 खिलाडिय़ों को इस महा आयोजन में खेलने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत युवाओं को खेल से जोडऩा, स्वस्थ समाज बनाना और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। कार्यक्रम के माध्यम से खिलाडिय़ों के सपनों को एक नई उड़ान मिलेगी। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कार्यक्रम के लिए जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित को लोकसभा कोआर्डिनेटर बनाया गया है। इस अवसर पर मिथिलेश अग्रवाल, गोपाल राठौर, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, डॉ0 उदय प्रताप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
डॉ0 भीमराव अंबेडकर को किया गया नमन
फर्रुखाबाद। डा0 अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, डॉ0 मिथिलेश अग्रवाल, वीरेंद्र कठेरिया, शिवांग रस्तोगी, अमरदीप दीक्षित व अन्य कार्यकर्ताओं ने जेएनवी तिराहे रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पहुंचकर बाबा साहब को माला पहनाकर नमन किया गया। फतेहचंद वर्मा ने बताया कि मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को मजबूती देने के लिए प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता 8 दिसंबर को जनपद प्रवास पर रहेंगे।
