भ्रष्टाचारियों का बोलबाला, मनरेगा कार्यों में लाखों का घोटाला

भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश की कल्पना को पलीता लगा रहा बरई का प्रधान
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
हकीकत को देखा जाए तो शमशाबाद विकास खंड में मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार इस कदर व्याप्त है कि घोटालेबाज प्रधानों से पार पाना मुश्किल ही नहीं नामुम्किन भी है। यही कारण है ग्रामीण क्षेत्रों में विकास तो नहीं हो रहा है, लेकिन विकास के नाम पर प्रधान व उच्चाधिकारी अपनी-अपनी जेबें जरूर भर रहे हैं। भ्रष्टाचार को बढ़ावा जरूर दिया जा रहा है तथा ग्राम विकास के नाम पर ग्रामीणों को दिल खोलकर छला जा रहा है। वहीं विकास खंड में कई ऐसी ग्राम पंचायतें भी हैं जहां मनरेगा कार्योंं में लाखों रुपए का घोटाला कर भ्रष्ट प्रधानों तथा उच्चाधिकारियों द्वारा अपना विकास जरूर किया जा रहा है, हालांकि सरकार ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए तमाम उपाय किए, लेकिन सारे उपाय फेल हो गए।

विकास खंड में मनरेगा कार्यों के नाम पर ग्राम प्रधान चमेली देवी द्वारा लगातार मनरेगा में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। ग्राम पंचायत बरई के मजरा कैंचिया रामचंद्र के खेत से अर्जुन के घर तक मिट्टी कार्य होना दर्शाया जा रहा है। जो सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित है, हकीकत में नहीं। इस कार्य में ग्राम प्रधान चमेली देवी द्वारा 4 मस्टर रोल दर्शाकर 40 मनरेगा मजदूरों द्वारा कार्य होना दर्शाया जा रहा है। जो पिछले 4 फरवरी से कागजों में ही दर्शाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा जिस चकरोड पर कार्य होना दर्शाया जा रहा है वह सिर्फ कागजों में ही चल रहा है, धरातल पर नहीं। इस भ्रष्टाचारी ग्राम प्रधान चमेली देवी द्वारा घोटाला ही नहीं किया जा रहा, बल्कि अधिकारियों के मुंह पर तमाचा भी जड़ा जा रहा है, लेकिन उच्च अधिकारी फिर भी कुंभकर्णी नींद से नहीं जाग पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *