ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों में जमकर घोटाले, ग्रामीणों ने जांच करने की उठाई मांग

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक कमालगंज की ग्राम पंचायत करीमगंज में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि पिछले 15 से 20 दिनों से केवल 9 मजदूरों की तस्वीरें बार-बार खींचकर 39 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। मनरेगा पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति और मौके पर काम कर रहे मजदूरों की वास्तविक संख्या में भारी अंतर पाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वास्तव में साइट पर कुछ ही मजदूर काम करते हैं, जबकि वेबसाइट पर कई गुना अधिक संख्या दिखाई जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पात्र गरीबों को काम नहीं दिया जा रहा है, बल्कि उनके नाम पर फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्राम निवासी रामनरेश, लल्लन, सीता देवी, नेत्रपाल और कमला देवी ने संयुक्त रूप से बताया हम पिछले लगभग दो हफ्तों से देख रहे हैं कि साइट पर वही कुछ मजदूर प्रतिदिन काम कर रहे हैं, लेकिन रिकॉर्ड में 39 लोगों की हाजिरी दर्ज है। यह स्पष्ट रूप से एक घोटाला है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में प्रधान और सचिव से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर जांच कराने की मांग की है। वहीं ग्राम पंचायत जीरागौर की दो बार की ग्राम प्रधान अजीरा बेगम का घोटाला एवं तिकड़मबाजी करने का पुराना इतिहास है। दो बार की ग्राम प्रधान अजीरा बेगम ग्राम प्रधान बनने से पहले कुछ एकड़ बीघे खेतों की मालकिन थी, लेकिन विगत 10 वर्षों में उनकी संपत्ति कई गुना बढ़ गई है। यह पैसा सरकार द्वारा ग्रामीणों के विकास के लिए दिया गया था ,जो की ग्राम प्रधान अपनी सम्पत्ति को बढ़ाने में लगी हैं। जिससे ग्रामीणों में रोष है। गंदगी और विकास को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्रामीणों को न्याय नहीं मिल पाया। इस मामले पर कमालगंज के खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार पाल ने कहा अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि कोई कार्य फर्जी पाया जाता है, तो उसका भुगतान तत्काल रोका जाएगा और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यदि निष्पक्ष जांच की जाती है, तो पंचायत स्तर पर चल रहे इस फर्जीवाड़े का पूरा सच सामने आ जाएगा। लोगों का मानना है कि प्रशासन की सख्त कार्रवाई से मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना का लाभ सही पात्रों तक पहुंच पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *