हलिया (मिर्ज़ापुर ):क्षेत्र के पंवारी कला गांव स्थित श्री शिव प्रताप सिंह इंटर कालेज के प्रबंधक कृष्ण पाल सिंह ने विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा निलंबित किए गए प्रधानाचार्य अरविंद कुमार को यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापक बनाए जाने पर ऐतराज जताया है। प्रबंधक ने सीएम पोर्टल सहित उच्चाधिकारियों से मामले की जांच की गुहार लगाई है। सीएम पोर्टल पर दिए गए प्रार्थना पत्र में विद्यालय प्रबंधक ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा यूपी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 के लिये विद्यालय समिति द्वारा निलंबित किए गए प्रधानाचार्य अरविंद कुमार को विद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। जिन्हें पूर्व में अनुशासनहीनता, विद्यालयीय अभिलेखों को गायब करने, प्रबंधक का फर्जी हस्ताक्षर करने, विद्यालय की परिसंपत्तियों का स्वहित में उपयोग करने, शैक्षणिक व्यवस्था को खराब करने के आरोप में प्रबंध समिति के द्वारा निलंबित किया जा चुका है। जिसकी जांच की कार्यवाही प्रचलित है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मनमानी तरीके से नियमों के विपरीत अरविंद कुमार को परीक्षा संचालन के लिये केंद्र व्यवस्थापक बना दिया गया है। विद्यालय प्रबंधक ने निलंबित प्रधानाचार्य के स्थान पर किसी योग्य व्यक्ति को केंद्र व्यवस्थापक बनाए जाने की मांग की है।
निलंबित प्रधानाचार्य को केंद्र व्यवस्थापक बनाए जाने पर विद्यालय प्रबंधक ने जताया ऐतराज, सीएम पोर्टल पर शिकायत
