कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम अखमेलपुर में गौतम बुद्ध शिक्षण संस्थान की छात्रों से भरी स्कूल वैन में अचानक आग लगने से बच्चों में अफरातफरी मच गयी। बच्चों ने खिडक़ी खोलकर कूदकर अपनी-अपनी जान बचायी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को थाना क्षेत्र के ग्राम अखमेलपुर में गौतम बुद्ध शिक्षण संस्थान की एक वैन बच्चों को लेकर स्कूल से वापस ला रही थी, तभी अचानक वैन में आग लग गयी। जिससे उसमें बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गयी। बच्चों ने आनन-फानन में कूदकर अपनी जान बचायी। मौके पर काफी ग्रामीण एकत्रित हो गये। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझ सकी। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी खुदागंज शिव कुमार मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बताया कि आग की जाँच की जा रही है। पुलिस स्कूल प्रबंधक व वाहन चालक से पूछताछ कर रही है। यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पूर्व भी ऐसी कई घटनायें घट चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार कोई कार्यवाही नहीं करते हैं। जिससे स्कूल प्रशासन के हौसले बुलंद हैं। वहीं कमालगंज थाने के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के नाम पर न तो फस्र्ट एड किट थी और न ही सिलेंडर
सुरक्षा के नाम पर यदि बात की जाये, तो स्कूली वैन में न तो फस्र्ट एड किट थी और न ही आग बुझाने का कोई सिलेंडर। सुरक्षा के ये दोनों अनिवार्य प्रावधान न होने से हादसे के दौरान स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। इस घटना को लेकर बच्चों के अभिभावकों व ग्रामीणों में खासा रोष देखा गया। अभिभावकों का कहना था कि फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करते समय परिवहन विभाग और आरटीओ इन बुनियादी सुरक्षा मानकों की जांच भी नहीं करते, जिससे स्कूल वाहन बिना सुरक्षा उपकरणों के ही सडक़ों पर दौड़ते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल वाहनों पर शासन के नियम सिर्फ कागजों में हैं। जमीनी स्तर पर न तो जांच होती है और न ही कोई कार्रवाई। ऐसे में बच्चों की जान रोजाना जोखिम में रहती है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि आरटीओ और परिवहन विभाग की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो।
