पूरनपुर। माधोटांडा की ओर जाने वाले पीलीभीत-माधोटांडा रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल की स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सिद्ध बाबा मंदिर के पास उस वक्त हुआ जब सड़क पर अचानक कुछ बंदर आ गए और वैन चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश में तेजी से ब्रेक लगाया, जिससे वैन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई।वैन में सवार कुल सात बच्चे घायल हो गए। इनमें से तीन बच्चे गंभीर रूप से चोटिल हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है, लेकिन निगरानी में रखा गया है। शेष चार बच्चों को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद परिजनों को सौंपकर घर भेज दिया गया।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सभी घायल बच्चों का पूरा इलाज अपने खर्च पर कराने की जिम्मेदिरी ली है। स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि चालक पूरी तरह होश में था और उसने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंदरों को बचाने की कोशिश की, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में बंदरों का झुंड सड़क पर आना आम बात हो गई है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोग वन विभाग से बंदरों को नियंत्रित करने की मांग कर रहे हैं।
