उन्नाव, समृद्धि न्यूज। शहर के मोहल्ला शांति नगर में बरसात के चलते एक मकान गिरने से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी जितेंद्र (40 वर्ष) की मलबे में दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, जनपद में लगातार तेज बारिश दौरान शांति नगर स्थित मकान की दीवारें कमजोर पड़ गईं। दोपहर में अचानक मकान भरभराकर गिर गया, जिससे जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक जितेंद्र नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व एस डी एम मौके पर पहुंचे।
मकान मालिक गौतम ने बताया कि मकान पुराना और जर्जर था, जिसकी दीवारें बरसात के कारण गिर गई। एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने इस घटना को दैवी आपदा बताते हुए कहा कि शासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आपदा राहत कोष से मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
घटना से जहां मृतक का परिवार बेसहारा हो गया है, वहीं नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारियों में भी गहरा शोक है। साथी कर्मचारियों ने प्रशासन से परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
