
दोनों पक्षों के लिए बनाये नियम, कराये हस्ताक्षर फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला प्रशासन ने संकिसा महोत्सव के दौरान धम्म यात्रा व स्तूप पूजन के दौरान सनातनधर्मियों की मौजूदगी पर पाबंदी लगा दी है। सीसीटीवी कैमरों से अराजकतत्वों की निगरानी की जायेगी। संकिसा महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए एसडीएम सदर गजराज सिंह ने आज सायं थाना मेरापुर में बौद्ध धर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में संकिसा महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक कर्मवीर शाक्य, सह संयोजक डॉ0 भिक्षु धम्मपाल, सह संयोजक नागेंद्र सिंह शाक्य, धम्मालोको बुद्ध बिहार सेवा ट्रस्ट के उप प्रबंधक रघुवीर सिंह शाक्य, धम्मालोको बुद्ध बिहार एवं संकिसा बौद्ध विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ0 देवेश शाक्य, उपासक गंगादीन शाक्य, भिक्षु धम्म रतन, भंते संत्रमित्र मौजूद रहे। जबकि सनातनधर्मियों की ओर से अतुल दीक्षित, संजीव कुमार पाण्डेय, अनुज कुमार यादव सभास, महिपाल सिंह राजपूत सभासद, सीमा नगर, उपेंद्र मिश्रा आदि लोग शामिल हुए। दोनों पक्षों का समझौता पत्र पढ़कर सुनाया गया। समझौता पत्र पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर कराये गये। एसडीएम सदर ने बताया कि पूर्व में हुई दुखद घटना को देखते हुए इस बार स्तूप के ऊपर सीसीटीवी कैमरे लगाकर अराजकतत्वों की निगरानी की जायेगी। थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि पूर्व की भांति स्तूप के निकट बेरीकेडिंग कराकर पर्याप्त फोर्स तैनात किया जायेगा। उन्होंने दोनों पक्षों से समझौते के नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। दो दिवसीय बौद्ध महोत्सव २७ अक्टूबर की सुबह १० बजे से प्रारम्भ होकर २९ अक्टूबर की सुबह तक चलेगा। बैठक के दौरान पूर्व प्रधान दीपक राजपूत आदि लोग मौजूद रहे। —————-
