सचिवों ने शांतिपूर्ण ढंग से काली पट्टी बांधकर किया सत्याग्रह

नवाबगंज/कमालगंज, समृद्धि न्यूज। विकास खंड नवाबगंज में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया। प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत यहां पहुंचे समस्त सचिवों ने पूर्वाह्न 10 बजे से 11 बजे तक विकास खंड परिसर में एकत्र होकर काली पट्टी बांधकर वर्तमान व्यवस्था के विरोध में नारे लगाए और अपना रोष दर्ज कराया। सचिवों ने बताया कि शासन द्वारा बिना किसी अतिरिक्त संसाधन के फेशियल रिकॉग्निशन आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने से पूरे संवर्ग में भय और असंतोष है। साथ ही उन पर फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सत्यापन, ऑपरेशन कायाकल्प, बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, गौशाला प्रबंधन, पराली प्रबंधन, सोलर पैनल लक्ष्य जैसे गैर विभागीय कार्यों का अत्यधिक दबाव बन रहा है। जिससे वे अपने मूल दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
धरने में शामिल ग्राम पंचायत सचिवों ने कहा कि इन समस्याओं पर शासन द्वारा कोई सकारात्मक पहल न किए जाने के कारण प्रदेश स्तरीय निर्णय के अनुरूप 01 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक क्रमिक शांतिपूर्ण सत्याग्रह जारी रहेगा। इसी क्रम में नवाबगंज विकास खंड में भी सचिवों ने प्रतीकात्मक धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, समन्वय समिति ने कहा कि यह संघर्ष संविधानिक अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की रक्षा के लिए है और इसे पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। सभी सचिव सरकारी ग्रुप से लेफ्ट हुए। सचिवों ने एसडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सचिव कुलदीप सिंह, सुनील कुमार, अरविंद कुमार, प्रवीण कुमार, आकांक्षा सक्सेना, कामता प्रसाद पटेल, वेद प्रकाश, मोतीलाल यादव, बृजेश सिंह, अनुपम बाजपेई, प्रमोद शुक्ला मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर कमालगंज में भी विकास खंड कार्यालय पर ग्राम पंचायत सचिवों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी, जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिसमें कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वागीण विकास में पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग की समस्त फ्लैगशिप एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप देने में विभागीय ग्राम सचिव रीढ़ की भूमिका के रूप में अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करता है, जबकि शासन के आदेश दिनांक 03 नवम्बर 2025 के क्रम में विभिन्न जनपदों में सचिव ग्राम पंचायत के रूप में कार्यरत कार्मिकों की ऑनलाइन उपस्थिति अंकित कराने के आदेश जारी किये जा रहे हैं, जो कि अनुचित है। इस मौके पर शैलेन्द्र निपानी, अखंड सिंह, अमित शुक्ला, प्रदीप कुमार, अंजली श्रीवास्तव, बरखा राजपूत, तान्या सिंह, अंजली प्रजापति, अमरराज, नितिन कुमार, लाल बहादुर, सिद्धार्थ, आलोक दुबे आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *