सचिवों का दूसरे दिन भी जारी रहा विरोध प्रदर्शन

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नवाबगंज ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने गैर विभागीय कार्यों के बढ़ते बोझ और अनावश्यक दबाव के खिलाफ शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन किया। समन्वय समिति के तत्वावधान में यह आंदोलन 1 से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन उपस्थिति के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
आंदोलन के दूसरे दिन ब्लॉक के सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि विभागीय कार्यों के अतिरिक्त लगातार गैर विभागीय कार्य सौंपे जा रहे हैं। जिससे नियमित विकास कार्य और ग्राम पंचायतों की मूल जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं। समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्रामीण विकास व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन अधिकारियों ने सरकार और उच्च अधिकारियों को अपनी समस्याओं से कई बार अवगत कराया था। हालांकि स्थिति में कोई सुधार न होने के कारण सत्याग्रह का निर्णय लिया गया। समिति ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक और जनहित के कार्य प्रभावित नहीं होंगे, लेकिन अनावश्यक और गैर विभागीय कार्यों का विरोध दृढ़ता से जारी रहेगा। आंदोलन के दौरान अधिकारी और सचिव प्रतिदिन अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराकर एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। इस आंदोलन की सूचना विभागीय अधिकारियों को भी प्रेषित कर दी गई है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत संगठन के जिला सचिव प्रमोद शुक्ला, अनुपम बाजपेई ब्लॉक अध्यक्ष, बृजेश कुमा यादव, मोतीलाल यादव, आकांक्षा सक्सेना, प्रवीण कुमार, वेद प्रकाश, कामता प्रसाद पटेल, कुलदीप राजपूत, अरविंद कुमार और सुनील कुमार गौतम सहित समस्त ग्राम सचिव व ग्राम पंचायत अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *