संदिग्ध ड्रोन व कार देख ग्रामीण भयभीत, पुलिस को दी सूचना

 कार में बैठे लोगों के देखे आधार कार्ड, वाराणसी के रहने वाले
पुलिस ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों को सावधान रहने की दी नसीहत
कंपिल, समृद्धि न्यूज। दो दिनों से नगर में लगातार देखे जा रहे ड्रोन से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग रात भर जागकर पहरेदारी कर रहे हैं। हालांकि पुलिस भी लगातार रात भर नगर व गांवों में गश्त कर रही है। लोगों के द्वारा संदिग्ध कारें भी देखी गई।
नगर में शनिवार की बीती रात कई मोहल्ले में उड़ रहे संदिग्ध ड्रोन से लोग भयभीत हैं। दिन भर लोगों में ड्रोन के उडऩे की चर्चा बनी रही। रविवार की बीती रात खेतों पर लेटे किसानों ने ड्रोन उड़ते देखे। हालांकि पीछा करने के बाद भी वह उनका पता न लगा सके। ड्रोन काफी दूरी से उड़ाए जा रहे हैं। नगर के मोहल्ला काजी टोला बाईपास मार्ग पर पांचाली ग्राउंड के निकट घरों की जागकर पहरेदारी कर रहे लोगों ने एक संदिग्ध कार रुकी हुई देखी। लोगों ने कार के पास जाकर उसमें बैठे संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनके आधार कार्ड देखे। आधार पर उनका पता वाराणसी का पड़ा था। आधार का फोटो लेने पर वह भडक़ गए और गाड़ी में बैठकर चले गए। लोगों ने गाड़ी का नंबर प्लेट का फोटो लेकर पुलिस को सूचना दी। गाड़ी का नंबर सर्च करने पर किसी प्रकार के वाहन की जानकारी नहीं मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के बताए जाने के अनुसार गाड़ी का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि पुलिस की कई टीमें रात भर क्षेत्र में गश्त करती रहीं। पुलिस ने रात में गांव-गांव पहुंच लोगों से हालचाल लिए और उन्हें सतर्क रहने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *