दुष्कर्म के बाद गला कसकर हत्या करने की जतायी जा रही आशंका
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक आम के बाग में अज्ञात महिला का शव पड़ा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक व कोतवाली प्रभारी ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला की हत्या का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चर्चा के अनुसार महिला की दुष्कर्म के बाद गल कसकर हत्या की गयी है, क्योंकि उसकी जीभ बाहर निकल आयी थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी गांव सुभानपुर निवासी अथर खां के आम के बाग में करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका लाल-सफेद रंग का स्वेटर और काले रंग की प्रिंटेड पजामी पहने थी। गले पर किसी वस्तु से खींचकर कसने के गहरे निशान देख स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू होने लगीं। आशंका है कि पहले महिला के साथ दरिंदगी की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के इरादे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सिंह एवं फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। वही फॉरेंसिक टीम ने वीडियो व फोटोग्राफी के साथ साक्ष्य जुटाने के लिए नमूने एकत्र किए। मृतका की जीभ मुंह से बाहर निकल आई थी। इसीलिए हत्या की आशंका जताई जा रही है। समझा जा रहा है कि कहीं से हत्या कर शव यहां लाकर डाला गया होगाृ। चूँकि घटना स्थल श्यामनगर गांव के बेहद करीब है इसलिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की आवाजाही की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रतीत होता है। आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को बाग में लाकर फेंक दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में महिला का हुलिया भेजकर शिनाख्त कराने में जुटी है।
डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, दिये निर्देश
दंपति हत्याकांड के मामले में घटनास्थल का निरीक्षण करने आए डीआईजी हरीश चंदर ने बाग में मिले महिला के शव के घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। जहां उन्हें एसपी आरती सिंह ने बताया कि मृतका पैर में बिछुए तो पहने पर उसकी मांग में सिंदूर नहीं है। उन्होंने बताया कि मृतका के किसी से लिविंग रिलेशन भी हो सकते हैं। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। मृतका की शिनाख्त पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। डीआईजी ने एसपी को आसपास के थानों के अलावा अन्य जनपदों में भी पहचान कराने के निर्देश दिए।
