महिला से मारपीट, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र के कस्बा अमृतपुर में एक महिला के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह घर में शुरू हुआ विवाद बढ़ते-बढ़ते तहसील मुख्यालय तक पहुंच गया। जहां पीडि़ता के ससुर ने कथित तौर पर उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। हमले में महिला लहूलुहान हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमृतपुर मोनू शाक्या मौके पर पहुंचीं। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि पीडि़त महिला ने 26 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। प्रार्थना पत्र में महिला ने अपने देवर सहित ससुराल पक्ष पर मारपीट व उत्पीडऩ के गंभीर आरोप लगाए हैं। कस्बा अमृतपुर निवासी रीना पत्नी रामसिंह ने पुलिस अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका देवर भंवरपाल उस पर बुरी नीयत रखता है और आए दिन किसी न किसी बहाने से झगड़ा व मारपीट करता है। पीडि़ता का आरोप है कि इस पूरे मामले में उसकी सास रामप्यारी और ससुर हरिश्चन्द्र भी देवर का सहयोग करते हैं। पीडि़ता के अनुसार 25 दिसंबर 2025 की शाम करीब पांच बजे वह अपनी बेटी को डांट रही थी, तभी देवर लाठी लेकर आया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। जिससे उसके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि देवर ने उसे धन व ऐशोआराम का लालच देकर आपत्तिजनक बातें कहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *