लखनऊ, समृद्धि न्यूज। लखनऊ शहर से 20 किमी की दूरी पर बसे गुडंबा थाना क्षेत्र बेहटा में रविवार को गांव धमाकों की गूंज से थर्रा गया। दोपहर लगभग 12 बजे गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों सहित सात लोगों की मौत होने की आशंका है। वहीं कई मलबे में दबे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और राहत, बचाव कार्य जारी है।
रविवार की सुबह सब कुछ सामान्य था, तभी लगभग दोपहर 12 बजे अचानक जोर-जोर से धमाकों की आवाज आने लगी।
गांव वाले घबराकर घरों से बाहर निकल आए। पटाखा फैक्ट्री में आग लगी हुई थी और लगातार विस्फोट हो रहे थे। धमाकों की तीव्रता इतनी थी कि आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई। फैक्ट्री का आधा हिस्सा पूरी तरह ढह गया और आसपास का इलाका धुएं से भर गया। अब भी फैक्ट्री से आग की लपटें उठ रही हैं। धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और आग बुझाने का प्रयास किया। थोड़ी देर में दमकल विभाग की गाडिय़ां और पुलिस बल भी पहुंच गया। एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। मलबे में कई मजदूरों और कर्मचारियों के दबे होने की आशंका है, बचाव दल मलबा हटाने का काम कर रहा है।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के इलाज के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम योगी ने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने और मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
