9 लड़कियों समेत 13 लोग पकड़े गए
समृद्धि न्यूज। वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में एसओजी-2 ने मेलोडी स्पा और फ्लैट नंबर 112 पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मौके से 9 लड़कियों सहित 13 लोग पकड़े गए। दोनों जगह भाजपा नेत्री शालिनी यादव के पति अरुण यादव की बताई जा रही हैं। स्पा सेंटरों से नकदी और आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ और दोनों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी सहित सभी साक्ष्य जुटाए हैं और कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार की देर शाम दो जगह छापेमारी कर 9 लड़कियों समेत 13 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसी में से एक जगह जबरदस्त चर्चा में है, क्योंकि जिस रिहायशी फ्लैट में ये स्पा सेंटर चल रहा था, वो फ्लैट शहर के एक बड़े समृद्ध राजनीतिक परिवार से संबंधित था। इस राजनीतिक परिवार के एक सदस्य राज्यसभा के उपसभापति के पद पर भी रह चुके हैं। वहीं, वर्तमान में जिसके नाम से ये फ्लैट है, उनकी पत्नी मेयर के साथ साथ सांसद का भी चुनाव लड़ चुकी हैं। इतना ही नहीं कोरोना काल में भी इसी फ्लैट में नकली सैनिटाइजर बनाने के रैकेट का भी खुलासा पुलिस ने किया था। वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में एसओजी-2 की टीम ने एक साथ दो स्थानों एबी मैरिज लॉन के सामने मेलोडी स्पा और त्रिनेत्र भवन के पास कन्हैया लाल सर्राफ वाली बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 112 पर छापेमारी की। जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। मेलोडी स्पा सेंटर से 4 महिलाएं और 4 पुरुष ग्राहक संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। मौके से कुल 23,100 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। वहीं फ्लैट नंबर 112 से 5 महिलाएं संलिप्त मिलीं और यहां से भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ के बाद फ्लैट नंबर 112 और मेलोडी स्पा संचालन से जुड़े लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और दोनों स्थानों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज भी जब्त की है और मोबाइल डेटा एनालिसिस के साथ फारेंसिक साक्ष्य सुरक्षित किए हैं, ताकि आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में ठोस प्रमाण प्रस्तुत कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
वाराणसी: भाजपा नेत्री के फ्लैट में चल रहे सेक्स रैकेट भण्डाफोड़
