हरदोई , समृद्धि न्यूज। शांतनु विक्रम सिंह मेमोरियल ट्रॉफी 2025 का रोमांचक मुकाबला सोमवार को आर.आर. इंटर कॉलेज में खेला गया। प्रो. क्रिकेट एकेडमी और यॉर्कर क्रिकेट क्लब, लखनऊ के हुए मैच में प्रो क्रिकेट अकादमी ने सूर्यांशु यादव की नाबाद शतकीय पारी से शानदार जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि आर आर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य कौशलेन्द्र प्रताप सिंह तथा जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष अतुल मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैच में प्रो क्रिकेट एकेडमी और यॉर्कर क्रिकेट क्लब, लखनऊ के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर प्रो क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया और शानदार प्रदर्शन किया। टीम की ओर से सूर्यांशु यादव ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 104 गेंदों में 20चौकों की मदद से नाबाद 119 रन बनाए। वहीं आदित्य राजवंशी ने 28 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यॉर्कर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाज़ी में अमित बंसल ने 2 विकेट और हम्माद ने 1 विकेट हासिल किया। निर्धारित 35 ओवरों में प्रो क्रिकेट एकेडमी ने 4 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए।लक्ष्य का पीछा करते हुए यॉर्कर क्रिकेट क्लब की ओर से निखिल ने शानदार 49 रन, जबकि अविरल पांडेय ने 31 रन बनाए। हालांकि, प्रो क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज़ों ने सटीक लाइन और लेंथ से शानदार प्रदर्शन किया।याह्या सैफ़ी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट, और स्पर्श कथारिया ने 2 विकेट झटके। अंततः प्रो क्रिकेट एकेडमी ने यह मुकाबला 25 रनों से अपने नाम किया।
