पुवायां में दंपति से छह बदमाशों ने लूटे 70 हजार

 बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे दंपती से छह बदमाशों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने कहीं शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दी, इस कारण दंपती ने देर शाम तक तहरीर नहीं दी।

थाना पुवायां के गांव जारमानो निवासी रमाकांत परिवार सहित जम्मू में एक धागा कारखाने में काम करते हैं। रमाकांत और उनकी पत्नी रीता देवी पांच अगस्त को घर लौटे थे। रीता देवी ने बताया कि उनके पुत्रों ने बैंक एकाउंट में रुपये डाले थे और कुछ रुपये उनके पति के पीएफ के आए थे। बृहस्पतिवार को रमाकांत और उनकी पत्नी पुवायां आए और बैंक एकाउंट से 70 हजार रुपये निकालकर घर के लिए रवाना हुए। गांव जुझारपुर के पास छह बदमाशों ने दंपती को घेर लिया। दो बदमाश हाईवे पर निगाह रखे रहे और चार ने तमंचा तानकर दंपती के पास से 70 हजार रुपये लूट लिए।

बदमाशों ने धमकी दी कि शोर मचाया और कहीं शिकायत की तो बाद में घर आकर जान से मार देंगे। बदमाशों के जाने के बाद दंपती घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। रीता देवी ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी है, उनको आशंका है कि बदमाश गांव आकर उन पर और परिजनों पर हमला कर सकते हैं, इस कारण अभी पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि लूट के मामले की जानकारी नहीं है। पता लगवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *