मृदु व्यवहार,संस्कार व यातायात सड़क सुरक्षा नियमों से चालकों की बने देश विदेश में पहचान-ॠतु

आरटीओ ॠतु सिंह ने चालकों को दिया अयोध्या की शान बढ़ाने का मंत्र

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। आगामी 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व शासन की मंशा के अनुरूप संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)ॠतु सिंह ने गुरुवार को अयोध्या के चालकों,वाहन स्वामियों,विभिन्न व्यावसायिक वाहनों के यूनियन और एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक तथा जनसंपर्क कर पंफलेट के माध्यम से चालकों में सुरक्षित यातायात तथा सुसंस्कृत व्यवहार विकसित करने की मुहिम छेड़ी है।सुश्री सिंह ने बताया कि इस अभियान को उन्होंने “मेरा चालक मेरा मान” अभियान का नाम दिया है जिसके माध्यम से जिले में 22 जनवरी और उसके पश्चात लाखों की संख्या में दर्शनार्थियों और पर्यटकों के आने के दृष्टिगत संभाग के सभी चालकों में विशेष जागरूकता विकसित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस जागरूकता में पर्यटकों और अयोध्या आने वाले सभी श्रद्धालुओं व यात्रियों के साथ सौम्य,शिष्ट व मृदुल व्यवहार करें, यात्रा शुरू होने से पूर्व अभिवादन करें,व्यावसायिक वाहनों के चालक स्वच्छ तथा नियमानुसार वर्दी धारण करें,वाहन के सभी प्रपत्र अद्यतन वैद्य/अपडेट रखें, महिला यात्रियों के साथ व्यवहार संयमित तथा सम्मानजनक रखें, महिलाओं,बच्चों तथा बुजुर्गों को यात्रा में कोई असुविधा होने पर उनकी मदद करें और उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचने में उनकी सहायता करें,आगंतुकों से निर्धारित रेट से अधिक किराया न वसूला जाए,डैश बोर्ड पर वाहन स्वामी/चालक का नाम व मोबाइल नंबर अवश्य प्रदर्शित करें,चालक धूम्रपान/,गुटका आदि का सेवन न करें तथा वाहनों को भी साफ सफाई के साथ रखें, वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगायें जिससे रात्रि के समय कोहरा तथा धुंध में वाहन ठीक से प्रदर्शित हो, परिवहन विभाग का टोल फ्री नंबर 1800-1800-151 वाहनों पर प्रदर्शित करें,वाहनों पर क्षमता से अधिक यात्री या भार ओवरलोडिंग न करें अन्यथा प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी,वाहन चालक ड्रंकन ड्राइविंग कदापि न करें तथा प्रवर्तन अधिकारी अभियान चला कर इसकी चेकिंग करें,निजी वाहनों का कमर्शियल प्रयोग न किया जाए,यात्री तथा विभिन्न विभाग भी इस बात का ध्यान रखें कि निजी वाहन का कमर्शियल प्रयोग पाए जाने पर ऐसे वाहन को बंद किया जा सकता है अथवा चालान की कार्रवाई की जा सकती है,इसलिए टैक्सी वाहनों को ही किराया अनुबंध पर लें और असुविधा से बचें तथा माल वाहनों में सवारियां न ढोई जाए।सुश्री सिंह ने बताया कि सभी वाहन स्वामी,एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा सदस्य तथा वाहन डीलर्स इन संदेशों का प्रचार प्रसार करें और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित करें जिससे अयोध्या आने वाला प्रत्येक व्यक्ति यहां की परिवहन व्यवस्था तथा चालकों की एक सुंदर छवि लेकर जाए और “मेरा चालक मेरा मान” अभियान सार्थक हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *