समृद्धि न्यूज। मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा एक भारतीय सेना के जवान कपिल के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जो ऑपरेशन सिंदूर में भी शामिल था। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने टोल प्लाजा पर हंगामा किया, जिसके चलते तोडफ़ोड़ भी हुई।
भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल निवासी गांव गोटका के साथ हुई मारपीट का मामला गर्मा गया है। गोटका के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को टोल प्लाजा पर हंगामा, तोडफ़ोड़ और नारेबाजी कर दी। पुलिस ने आकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीण टोल वसूली एजेंसी को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना बेहद शर्मनाक है। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की ढिलाई मामले को और गंभीर बना रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया। इसके बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा कम होने के बजाय और बढ़ गया।
#WATCH Meerut, Uttar Pradesh: On the issue of assault with a soldier, SSP Vipin Tanda says, "Last night, a video was received in which some people were beating up a person. When the police investigated, it was found that the complainant is a jawan who was returning from his duty… pic.twitter.com/FodukKPnQX
— ANI (@ANI) August 18, 2025
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी प्लाजा में मारपीट की घटना में पीडि़त जवान कपिल पवार पुत्र कृष्णपाल गोटका गांव थाना सरुरपुर मेरठ का रहने वाला है। कपिल भारतीय सेना के राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात है। एनबीटी ऑनलाइन के पास मौजूद जानकारी के अनुसार जवान ऑपरेशन सिंदूर में भी शामिल रहा था। इस समय श्रीनगर में उसकी तैनाती है। एक महीने की छुट्टी के बाद वह रविवार को दिल्ली होते हुए श्रीनगर ड्यूटी जॉइन करने जा रहा था। सोमवार सुबह 5 बजे उसकी श्रीनगर की फ्लाइट थी। कपिल के साथ उसका चचेरा भाई शिवम भी कार में मौजूद था। रात में विवाद के बाद 8 से 10 की संख्या में लोग बेरहमी से मार पिटाई करते नजर आ रहे थे।
जवान को खंभे में पकडक़र डंडे-पत्थर से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मारपीट में कपिल की नाक और सिर पर चोट आई। कपिल की सूचना पर ग्रामीण, परिजन और अन्य लोग पहुंच गए। हंगामा बढऩे की सूचना पर सरधना थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर बाद शांत कराया गया। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि फौजी कपिल ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पूरे मामले में शिकायत कर्ता की तरफ से तहरीर मिली है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों द्वारा भारतीय सेना के जवान के साथ मारपीट की गई थी। 4 आरोपी देर रात तक पकड़े जा चुके हैं बाकी अन्य आरोपियों की सीसीटीवी से पहचान की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
