33 लाख रुपये में मृतक ने राम लड़ैते को बेची थी अपनी जमीन
पेट्रोल पंप बनवाने के बाद भी राम लड़ैते नहीं दे रहा था शेष रुपये
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना मऊदरवाजा के गांव मिल्क मौज मुल्ला निवासी जनक सिंह पुत्र रामगुलाम राजपूत 60 वर्ष ने अपनी 32 डिसमिल जमीन जो सडक़ किनारे नवाबगंज फर्रुखाबाद रोड पर स्थित थी। उसका बैनामा रामलडैते पाल निवासी गड़रिया नगला नटवारा मऊदरवाजा के नाम 33 लाख रुपए में लिखा पढ़ी की गई थी। जिसमें एक ट्रैक्टर पुराना और कुछ रुपए नगद देकर राम लड़ैते ने अन्य पैसा कुछ दिनों बाद देने की बात कहकर उस पर पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य शुरू हो गया। पेट्रोल पंप बन जाने के बाद उसका शुभारंभ हो गया। कुछ दिन बाद जनक सिंह ने अपना पैसा मांगा, तो उक्त लोग जनक सिंह को टरकाते रहे। उक्त जानकारी देते हुए जनक सिंह के पुत्र संदीप कुमार व कुलदीप कुमार ने बताया कि अपनी बाकी धनराशि राम लड़ते से मांगी, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन दिया गया। बीती रात जनक सिंह की मौत हो गई। पुत्रों के मुताबिक उनके पिता के रुपये न मिलने के गम में मृत्यु हो गयी।

इस बात की जानकारी गांव के लोगों को हुई, तो सुबह दो सैकड़ा से ज्यादा ग्रामीण तथा महिलाएं पेट्रोल पंप पर पहुंच गई और हंगामा करने लगीं। मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारी घटना की नजाकत देखकर नौ दो ग्यारह हो गए। घटना की सूचना थाना पुलिस नवाबगंज तथा मऊदरवाजा को सूचना दी गई। कुछ लोगों ने रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को जब मामला समझ में आया, तो उन्होंने मृतक के पुत्रों को और पेट्रोल पंप मालिक को घटनास्थल पर बुलाकर पंचायत शुरू की। जिसमें 33 लख रुपए में मात्र 4,00,000 का पुराना ट्रैक्टर दिया गया और कुछ पैसे शराब आदि पीने को दिए गए। पुलिस के समक्ष पेट्रोल पंप मालिक ने रुपए देने की बात स्वीकारी है। फिलहाल पेट्रोल पंप मालिक से लिखा पढ़ी करा ली गई है और मृतक के पुत्रों को पुलिस ने समझा बुझाकर घर भेज दिया और उनके साथ आए लोगों को भी समझा बुझाकर घर रवाना किया। फिलहाल घटनास्थल पर 4 घंटे तक अफरा तफरी मची रही। नवाबगंज थाना अध्यक्ष जेपी शर्मा और हाटियापुर चौकी इंचार्ज शिवकुमार फोर्स के साथ मौजूद रहे।
