समृद्धि न्यूज। दक्षिण अफ्रीका ने एडेन मार्करम की शतकीय पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब अपने नाम कर लिया है। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 285 रन बनाकर जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका का टेस्ट में यह तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है। दक्षिण अफ्रीका की टीम इसके साथ ही पहली बार डब्ल्यूटीसी की विजेता बनी है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम खिताब का बचाव नहीं कर सकी है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बावजूद चैंपियन बनने से चूक गई।
टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने इतिहास रच दिया है। लॉड्र्स में खेले गए वल्र्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में उसने डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को चार दिन के अंदर ही 5 विकेट से धूल चटा दी। ऐसा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 33 साल से एक वल्र्ड कप के अपने इंतजार को भी खत्म कर दिया और पहली बार सीनियर क्रिकेट में वल्र्ड चैंपियन बनने का सम्मान हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीका की इस जीत के स्टार रहे तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और ओपनर एडन मार्करम रबाडा ने मैच में 9 विकेट लिए और मार्करम ने चौथी पारी में शानदार 136 रन बनाए। वहीं कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझते हुए बेहतरीन 66 रन बनाए।
मैच के चौथे दिन जैसे ही काइल वेरेयना के बल्ले से विजयी रन निकला, लॉड्र्स के ड्रेसिंग रूम में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के साथ ही स्टेडियम में मौजूद हर साउथ अफ्रीकी फैन और आम क्रिकेट फैन भी खुशी से झूम उठे। आखिरकार कई सालों से चली आ रही दिल तोडऩे वाली हार के बाद इस देश को क्रिकेट में सफलता नसीब हुई। साउथ अफ्रीका ने आखिरी आईसीसी खिताब 27 साल पहले 1998 में चैंपियंस ट्रॉफी नॉक आउट ट्रॉफी के तौर पर जीता था।
