फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार को पुलिस झण्डा दिवस मनाया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ में पुलिस ध्वज फहराकर उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगणों को सम्बोधित किया। पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के द्वारा जारी संदेश को पढक़र सुनाया व कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाये रखने हेतु प्रेरित किया गया। संदेश में पुलिस बल की वीर परम्परा, सेवा के प्रति समर्पण और चुनौतियों के बीच जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यों का निर्वहन संवेदनशीलता, निष्ठा और पेशेवर नैतिकता के साथ करने की अपेक्षा की। उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवा के लिए पुलिस कलर (पुलिस ध्वज) प्रदान किया गया था। यह दिन इतिहास में महत्वपूर्ण है, क्योंकि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल है जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ। शक्ति और निष्ठा का प्रतीक लाल और नीले रंग का यह ध्वज यूपी पुलिस को एक विशिष्ट पहचान देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह उन शहीद और सेवारत पुलिसकर्मियों के सम्मान का प्रतीक है, जिनके त्याग और समर्पण ने पुलिस विभाग को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने किया ध्वजारोहण
