सपा महिला सभा ने मौलाना रशीदी के खिलाफ कार्यवाही की मांग

 अपर पुलिस अधीक्षक को दिया ज्ञापन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजवादी महिला सभा की पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के पहनावे को लेकर मौलाना साजिद रशीदी द्वारा की गई अशोभनीय एंव अभद्र टिप्पणी के विरोध में अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ महिला सभा की पदाधिकारियों ने कार्यवाही की मांग की है, यदि प्रशासन कार्यवाही नहीं करता है तो फिर समाजवादी पार्टी सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि नारी सशक्तिकरण और स्वाभिमान की प्रतीक सांसद डिंपल यादव के पहनावे को लेकर की गई घृणित टिप्पणी समूचे महिला समाज का अपमान है और इस अपमान पर महिला समाज चुप नहीं बैठेगा। प्रतिभा यादव ने कहा कि डिंपल यादव सडक़ से लेकर संसद तक आबादी की बुलंद आबाज हैं, उनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रागिनी यादव ने कहा कि सांसद डिंपल यादव जिनकी सादगी, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों से हम सभी परिचित हैं। स्वच्छ राजनीति में विचारों की लड़ाई होती है, न कि महिलाओं पर कीचड़ उछालने की जगह। जब कोई महिला अपने विचार, अपने संगठन और अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज़ बनती है, तो उसका सम्मान करना हम सबका नैतिक दायित्व है और घटिया सोंच का हम विरोध करते है। महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह ने कहा कि डिंपल यादव हमारी नेता हैं, उनकी सादगी और सौम्यता के विरोधी भी कायल हैं, साड़ी भारतीय संस्कृति का परिधान है, उनके पहनावे को लेकर जो टिप्पणी की गई है उसे स्वच्छ समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। महिला सभा की सभी पदाधिकारी उपरोक्त मौलाना के खिलाफ़ कार्यवाही की मांग करती हैं। इस मौके पर प्रेम शुक्ला, लक्ष्मी राजपूत, सुनीता शाक्य, दीक्षा शाक्य, नीलम चौहान, अखिल कठेरिया, सुधा देवी, राखी राजपूत, संजूलता, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *