एसपी ने जांच के लिए तीन टीमें गठित कीं, बोलीं अराजकत्वों को बख्शा नहीं जायेगा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में कर्बला मौला अली नजफ नाम के धार्मिक स्थल पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अज्ञात लोगों ने दो कब्रों में तोडफ़ोड़ की, ताजिया और अलम में आग लगा दी, मेहंदी जलकर राख हो गई। पास की पुरानी इमारत में रखे ताजिए भी आग की चपेट में आए। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक, सीओए एसडीएम, तहसीलदार मौके पर पहुंचे।
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे देखभाल करने वाले साबिर अली ने दरगाह का ताला खोला तो अंदर आग जलती दिखी। पीछे की तरफ जहां ताजिए रखे थे वहां भी आग लगी हुई थी। अज्ञात हमलावरों ने हाफिज और हाजी की कब्रों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ताजिया अलम में रखी मेहंदी जल गई। आग की लपटों ने छत की धन्नियों को भी पकड़ लिया। साबिर अली ने तुरंत शरीफ हुसैन रिजवी को फोन किया। सूचना मिलते ही शरीफ हुसैन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दमकल की गाडिय़ां बुलवायी। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। शरीफ हुसैन रिजवी ने बताया दरगाह की देखभाल साबिर अली करते हैं। सुबह ताला खोलते ही आग दिखी। करीब पांच-छह महीने पहले भी यहां चोरी हुई थी। तब सीसीटीवी कैमरा, एलसीडी और चांदी के अलम चोरी हो गए थे। मऊदरवाजा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब फिर घटना हुई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीओ अमृतपुर संजय वर्मा, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, एसडीएम रजनीकांत पांडेय, तहसीलदार सनी कनौजिया, थाना प्रभारी अजब सिंह और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया अराजकतत्वों ने मजार में तोडफ़ोड़ की और आग लगाई है। इस मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। जिन लोगों ने यह कृत्य किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक स्थल पर तोडफ़ोड़ और आगजनी, एसपी ने पहुंचकर की जांच पड़ताल
