बोले: नेता जी के थे करीबी, पार्टी के लिए किया त्याग
प्लेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के कर्मठ व जुझारू मुलायम सिंह यादव के साथी रहे पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। अखिलेश यादव ने उनके आवास पर पहुंचकर दुखी परिवार को ढांढस बंधाया और पार्टी का झण्डा उन्हें उढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। छोटे सिंह यादव पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। बीमारी के दौरान पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अस्पताल में भी पहुंचकर उनका हाल चाल लिया था।
शनिवार की दोपहर पल्ला स्थित छोटे सिंह के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से रुबरु होते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि छोटे सिंह यादव हमारे पुराने नेता थे। उन्होंने नेताजी के साथ पार्टी में दिन रात मेहनत की। वह पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। उन्होंने मुश्किल घड़ी में पार्टी का साथ निभाया। हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि छोटे सिंह यादव ने जो सिद्धांत दिया है उस विचार धारा को आगे बढ़ाये। उन्होंने कोआपरेटिव को समझा और मजबूत किया। छोटे सिंह यादव ने राजनीतिक परीक्षेत्र में सेवायें दी। हमें भरोसा है कि परिवार के लोग इस विरासत को आगे बढ़ायेंगे। वह नेताजी के साथी रहे थे और हर संघर्ष में साथ दिया। छोटे सिंह यादव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने त्याग के साथ-साथ पार्टी को आगे बढ़ाया। साथ ही उन्होंने अहमदाबाद प्लेन दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत बड़ी घटना है इसकी जांच होनी चाहिए। लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी डा0 नवल किशोर सिंह शाक्य ने कहा कि छोटे सिंह यादव के निधन से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई है। सपा जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, नदीम अहमद फारुकी, राघव दत्त मिश्रा, विश्वास गुप्ता, बंटी यादव, रामसनेही यादव मुन्ना, विवेक यादव, डा0 हरिनंदन यादव, इलियास मंसूरी, अनुराग यादव व्यापारी नेता संजय गर्ग आदि लोगों ने छोटे सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी और उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
छोटे सिंह की अंतिम यात्रा में कई दलों के नेता हुए शामिल
फर्रुखाबाद। कन्नौज से कई बार सांसद रहे व छिबरामऊ के पूर्व विधायक छोटे सिंह यादव के निधन से समाजवादी पार्टी को काफी बड़ा धक्का लगा है। शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उनका पार्थिव शरीर पांचाल घाट पहुंचा। जहां उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में पार्टी के अलावा समर्थक, शुभचिंतक, पूर्व सांसद चन्द्रभूषण सिंह मुन्नू बाबू, पूर्व एमलएसी मनोज अग्रवाल, भाजपा नेता कोआपरेटिव बैंक चेयरमैन कुलदीप गंगवार, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, डा0 नवल किशोर शाक्य, जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव, इलियास मंसूरी आदि लोग मौजूद रहे।